27 July, 2024
370 नई सेवाओं को सेवा का अधिकार के तहत 24 विभागों में शामिल किया गया

370 नई सेवाओं को सेवा का अधिकार के तहत 24 विभागों में शामिल किया गया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सेवा का अधिकार में नई सेवाओं को शामिल करने को कहा था। जिसके बाद 24 विभागों की 370 नई सेवाओं को सुराज विभाग ने सेवा का अधिकार के तहत शामिल कर दिया है। पहले यह अधिसूचित सेवाओं की संख्या 485 थी। जिसके बाद इसकी संख्या बढ़कर 855 हो गई है।

गुरुवार को अपर सचिव विजय जोगदंडे द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि विद्युत विभाग के कुल 43 सेवाओं को सेवा का अधिकार में शामिल किया है। इसमें नए बिजली कनेक्शन के लिए 15 दिन का समय दिया गया है और बिलिंग शिकायतों का समाधान भी इसी अवधि में होगा। कनेक्शन हटाने के लिए 7 दिन का समय और मीटर की जांच के लिए 30 दिन का समय निर्धारित किया गया है। साथ ही, उपभोक्ता के नाम को दाखिल खारिज करने और कानूनी वारिस के नाम करने के लिए 2 दिन की अवधि निर्धारित की गई है।

उच्च शिक्षा विभाग के अधीन चरित्र प्रमाणपत्र अब एक दिन में जारी किया जाएगा। साथ ही, दस्तावेज सत्यापन का समय दो दिन, कॉशन मनी की वापसी का समय तीन दिन और सभी प्रकार के रिफंड के लिए भुगतान की समय सीमा सात दिन निर्धारित की गई है। इसके साथ ही, परिचय पत्र जारी करने और छात्रावास में प्रवेश के लिए भी सात दिन की समय सीमा तय की गई है। मोबाइल टावर की एनओसी प्रदान करने के लिए शासन ने अब अधिकतम पंद्रह दिन का समय सीमा निर्धारित किया है।

ग्राम पंचायत से खंड विकास अधिकारी कार्यालय तक अटल आवास योजना के आवेदन पहुंचाने की समय सीमा 15 दिन के भीतर तय की गई है, जिसके साथ ही सेवा प्रदान करने वाले अधिकारी और प्रथम द्वितीय अपीलीय अधिकारी भी तय किए गए हैं।

खबर शेयर करें: