डॉ चंद्र प्रकाश तिवारी नामित हुए उत्तराखंड जैविक उत्पाद परिषद के विशेष आमंत्रित सदस्य
हल्द्वानी से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है, जहां उत्तराखंड सरकार के कृषि विभाग ने डॉ. चंद्रप्रकाश तिवारी को उत्तराखंड जैविक उत्पाद परिषद में “विशेष आमंत्रित सदस्य” के रूप में नामित किया है। यह नियुक्ति प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी की संस्तुति पर की गई है।
डॉ. तिवारी लंबे समय से उत्तराखंड में जैविक खेती के प्रचार-प्रसार और किसानों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में वर्मी कम्पोस्ट, जीवामृत, गोबर खाद और पारंपरिक बीजों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कई अभियान चलाए हैं, जिनसे सैकड़ों किसान जैविक खेती की ओर प्रेरित हुए हैं।
अपनी नियुक्ति पर डॉ. चंद्रप्रकाश तिवारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कृषि मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह उत्तराखंड को पूर्ण जैविक राज्य बनाने के लक्ष्य को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर किसान तक जैविक तकनीक, सर्टिफिकेशन और उचित बाजार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
उत्तराखंड जैविक उत्पाद परिषद राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा देने, किसान प्रशिक्षण, पीजीएस सर्टिफिकेशन और जैविक उत्पादों के विपणन के लिए प्रमुख नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करती है। डॉ. तिवारी की नियुक्ति से परिषद के जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि डॉ. चंद्रप्रकाश तिवारी ने करीब 15 वर्षों तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के लिए कार्य किया है। इसके बाद वह भारतीय जनता युवा मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उनकी इस नई जिम्मेदारी से समर्थकों में खासा उत्साह है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की जा रही है

