यमुनोत्री पैदल मार्ग में भूस्खलन कई यात्रियों की दबे होने की आशंका
उत्तरकाशी | 23 जून 2025: उत्तरकाशी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. यमुनोत्री पैदल मार्ग पर पहाड़ी दरकने से कई यात्री मलबे में दब गए. सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है. मौके पर रेस्क्यू अभियान जारी है.
यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भू-स्खलन
घटना सोमवार शाम 4 बजे की है. यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भैरव मन्दिर के पास नौ कैंची पर अचानक भू-स्खलन हो गया. कुछ यात्रियों के स्लाइडिंग के चपेट में आने की सूचना है.
मौके पर रेस्क्यू जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर रेस्क्यू के लिए पहुंच गई है. मौके पर रेस्क्यू अभियान जारी है. बताया जा रहा है एक घायल का रेस्क्यू कर उपचार के लिए जानकीचट्टी पहुंचाया जा रहा है. एसपी उत्तरकाशी हादसे पर अपनी नजर बनाये हुए हैं
जानकारी के अनुसार, टीम ने मुंबई निवासी एक यात्री रसिक (60) को अस्पताल पहुंचाया है। डाक्टर हरदेव सिंह पंवार के अनुसार यात्री के सर पर चोटें हैं। लेकिन खतरे से बाहर है। वहीं, एक बच्ची का शव मिला है। टीम अन्य दबे हुए लोगों को मलब से निकालने में जुटी है। टीम यात्रियों को आवश्यक सहायता भी प्रदान कर रही है। कठिन और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ की टीम राहत कार्य में जुटी रही और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभियान संचालित किया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के सहयोग से रास्ता जल्द बहाल करने का प्रयास जारी है।
एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि यमुनोत्री धाम की ओर फंसे सैकड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला जा रहा है। वहीं, यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है |
रिपोर्ट: नीरज कुमार पांडेय